राम मंदिर में चढ़ावा चोरी की घटना दुर्भाग्यपूर्ण, दोषियों को मिले कठोर दंडः संघ
काफिला रुकवाकर घायल बुजुर्ग की मदद की, खुद हाथ थामकर उठाया
कोलकाता। चुनावी सरगर्मियों के बीच रविवार को तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी का एक अलग रूप देखने को मिला। दक्षिण 24 परगना के बिष्णुपुर इलाके में अभिषेक बनर्जी ने अपना सुरक्षित काफिला रुकवाकर सड़क पर गिरे एक बुजुर्ग व्यक्ति की मदद की। इस मानवीय पहल की स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया पर काफी सराहना हो रही है। घटना उस समय की है जब अभिषेक बनर्जी बिष्णुपुर के बड़े कचहरी इलाके में एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में उन्होंने देखा कि एक बुजुर्ग व्यक्ति अपनी साइकिल से अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गए हैं और उन्हें उठने में तकलीफ हो रही है। यह देखते ही अभिषेक बनर्जी ने तुरंत सुरक्षा कर्मियों को काफिला रोकने का निर्देश दिया। वह खुद गाड़ी से नीचे उतरे, बुजुर्ग के पास पहुँचे और सहारा देकर उन्हें उठाया।
अभिषेक ने न केवल बुजुर्ग का हालचाल पूछा, बल्कि यह भी सुनिश्चित किया कि उन्हें कोई गंभीर चोट तो नहीं आई है। बाद में उन्होंने अपने साथ मौजूद कार्यकर्ताओं को उन बुजुर्ग को सुरक्षित उनके घर तक पहुँचाने का निर्देश दिया।
गौरतलब है कि अभिषेक बनर्जी उस समय मंदिर परिसर जा रहे थे, जहाँ पहले लगी आग में जल चुकी दुकानों को राज्य सरकार की मदद से दोबारा बनवाया गया था। उन्हें उन दुकानदारों को नई दुकानों की चाबियाँ सौंपनी थीं। कार्यक्रम में देरी होने की संभावना के बावजूद, उन्होंने सड़क पर पड़े व्यक्ति की मदद को प्राथमिकता दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, किसी वीआईपी काफिले का इस तरह अचानक रुकना और नेता का खुद मदद के लिए सड़क पर उतरना इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।